बहजोई (संभल)। पशु खरीदने गए व्यापारी से घर लौटते समय बाइक सवार ढाटा बंद बदमाशों ने असलहे के बल पर नकदी लूट ली और फरार हो गए। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कई घंटे तक कांबिंग की, लेकिन बदमाश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके। घटना दोपहर साढ़े बारह बजे करीब की है।
रविवार को नगर के मोहल्ला कुरेशियान नई बस्ती निवासी पशु व्यापारी सलीम व नवाब चंदौसी की कैथल की बाजार में पशु खरीदने गए थे। दोपहर साढ़े बारह बजे दोनों व्यापारी बाइक पर सवार होकर वापस बहजोई आ रहे थे। रास्ते में गांव आदमपुर स्थित पुल के निकट पीछे से आ रहे तीन बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक को रुकवाने के लिए आवाज लगाई। व्यापारी सलीम ने बताया कि जब उसने बाइक नहीं रोकी तो बदमाशों ने पीछे से कमीज का कॉलर पकड़कर खींचना शुरू कर दिया। मजबूरन बाइक रोकनी पड़ी।
इस बीच बदमाशों ने हाथ में लिए तमंचे के बल पर उनकी जेबों से खंगाला किया और उसकी जेब में रखे 60 हजार रुपये व नवाब की जेब में रखे 16 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। चालक के सिर पर हेलमेट होने के कारण पहचान नहीं हो सकी तथा शेष दोनों बदमाशों के चेहरे पर ढाटा बंधा हुआ था। सूचना मिलने पर कोतवाल अमित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले में जांच-पड़ताल की। कई घंटे तक पुलिस ने आसपास के इलाकों में कांबिंग की, लेकिन बदमाश पुलिस के हाथ नहीं आए। दोनों व्यापारियों की ओर से थाना पुलिस को घटना की तहरीर दी गई है। पुलिस के मुताबिक तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।