टांडा। नगर में रविवार को घर का काम कर रहे एक युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। अचानक हुए हादसे से घर में कोहराम मच गया। वहीं गुस्साए लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की है।
नगर के मोहल्ला मस्जिद कोहना निवासी गुड्डू (27) ठेकेदार के घर पर निर्माण कार्य चल रहा था। बताते हैं कि इस दौरान गुड्डू घर के बाहर खड़ा था। वहीं घर के बराबर में लगे खंभे पर करंट उतर रहा था। अचानक गुड्डू खंभे से टकरा गया और करंट लगने से मौके पर ही बेहोश हो गया। रास्ते से गुजर रहे पड़ोसियों ने जब गुड्डू को जमीन पर गिरे हुए देखा तो परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन उसे आनन फानन में स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की आकस्मिक मौत से घर में कोहराम मच गया। मृतक ने अपने पीछे पत्नी तथा दो बच्चे छोडे़ हैं। उधर हादसे से गुस्साए परिजन और मोहल्ले के लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की है।