बहजोई। घर लौट रहे बाइक सवारों पर पीछे से आ रहे बाइक सवार बदमाशों ने फायर झोंक दिया और फरार हो गए। इनमें से एक बुजुर्ग बाइक सवार को गोली लग गई। घायल बुजुर्ग को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर बुजुर्ग को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल की।
शुक्रवार की रात करीब नौ बजे थाना क्षेत्र के गांव फत्तेहपुर शमसोई निवासी बुजुर्ग रामनिवास अपने रिश्तेदार अंकुर के साथ बाइक पर सवार होकर गांव मऊ-कठैर से घर लौट रहे थे। रास्ते में पीछे से आ रहे बाइक सवार बदमाशों ने उन पर फायर झोंक दिया। बुजुर्ग रामनिवास को गोली लग गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल बुजुर्ग को सीएचसी में भर्ती कराया। सूचना पर कोतवाल वहीद खान भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। कोतवाल का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।