चंदौसी। कुढ़ फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बेरनी के कपड़ा व्यापारी ने मारपीट कर रुपये छीनने का आरोप लगाते हुए थाना में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
दिनेश कुमार पुत्र नेम सिंह निवासी गांव बेरनी ने बताया कि वह बाइक से फेरी कर कपड़ा बेचने का काम करता है। शुक्रवार की दोपहर गांव राजथल में कपड़ा बेचने गया। गांव की ही महिला ने 10 दिन पहले एक साड़ी खरीदी थी। जब वह गांव में कपड़ा बेचने गया तो महिला साड़ी को कटा हुआ बता कर वापस करने लगी। इस पर उसने दूसरी साड़ी देने की बात कही। महिला ज्यादा कीमत की दूसरी साड़ी घर पर पसंद कराने की बात कहकर ले गई। बकाया रुपये मांगे तो महिला का बेटा गाली गलौच करने लगा। विरोध किया तो मारपीट की और जेब में रखे सात सौ रुपये छीन लिए। पीड़ित व्यापारी ने थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।