अधिवक्ता से चेन लूट की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। कटघर के पचपेड़ा में बाइक सवार तीन बदमाशों ने बच्चे के साथ बाजार में शॉपिंग करने आए एक अधिवक्ता से चेन लूटने की कोशिश की। आरोपियों में से एक को पब्लिक की मदद से अधिवक्ता ने पकड़ लिया। उसके दो साथी वारदात कर भाग गए हैं। आरोपी की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पकड़ा गया आरोपी बीए का छात्र है, पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।
महबुल्लागंज निवासी अधिवक्ता हदेश कुमार ने बताया कि वह बाइक पर सोमवार रात पचपेड़ा में सामान की खरीदारी करने के लिए आए थे। इस दौरान बाइक पर तीन युवक आए, उन्होंने पहले उनकी बाइक को टक्कर मारी। विरोध जताया तो उनकी चेन लूट की कोशिश की। उन्होंने आरोपियों का विरोध जताया और शोर मचाकर लोगों को मदद के लिए बुलाकर एक आरोपी को मौके से पकड़ लिया। इंस्पेक्टर कटघर नवरत्न गौतम ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी पुलह कौशिक निवासी कटघर बीच है। वह केजीके कॉलेज में बीए सेकेंड ईयर का छात्र है। उधर, छात्र ने बताया कि मामला रोडरेज का है। लूट के आरोपी में उसे फंसाया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के अन्य दो साथियों की तलाश जारी है।