एमएमएस बनाकर विधवा को ब्लैकमेल कर किया रेप
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद।
छजलैट में रहने वाली विधवा महिला का नहाते वक्त पड़ोसी युवक ने एमएमएस बना लिया गया। इसके बाद उसे ब्लैकमेल कर दो बार रेप किया। जेवर और हजारों रुपये हड़प लिए। महिला ने मामले की शिकायत डीआईजी से करके कार्रवाई की मांग की है। डीआईजी ने मामले की जांच कर सीओ सिविल लाइन को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
महिला ने बताया कि उसकी शादी पांच साल पहले नागफनी निवासी कंपनी कर्मचारी से हुई थी। डेढ़ साल पहले महिला के पति की मौत हो गई। इसके बाद महिला अपने मायके छजलैट जाकर रहने लगी। आरोप है कि इस दौरान पड़ोस में ही रहने वाले एक युवक ने महिला के घर में घुसकर उसका नहाते वक्त एमएमएस बना लिया। इसके बाद महिला को ब्लैकमेल करने लगा। महिला हरथला में अपनी भाई के घर आकर रहने लगी तो आरोपी वहां आ धमका। एमएमएस को वायरल करने की धमकी देकर महिला से युवक ने रेप किया। महिला से हजारों रुपये और जेवर एमएमएस डिलीट करने का झांसा देकर ठग लिए। इसके बाद भी एमएमएस डिलीट नहीं किया। आरोपी युवक अब महिला पर पति के हिस्से की प्रापर्टी बेचकर उसमें से दो लाख रुपये देने की मांग कर रहा है। महिला ने इसकी शिकायत अपनी भाभी से की तो उन्होंने परिजनों को जानकारी दी। परिजनों ने डीआईजी ओकार सिंह से मामले की शिकायत की है। डीआईजी ने मामले की जांच कर सीओ सिविल लाइंस को कार्रवाई के लिए निर्देश दिए हैं। सीओ सिविल लाइन रईस अख्तर का कहना है कि अभी मामला संज्ञान में नहीं आया है। शिकायत मिलने पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
क्रासर -
- छजलैट की रहने वाली है महिला, पुलिस कर रही जांच