मुरादाबाद के गलशहीद के असालतपुरा में एक घर को पशु कटान का अड्डा बना लिया। शनिवार तड़के पुलिस ने घर में दबिश दी तो क्षेत्र के लोग एकत्र हो गए और वह हंगामा करने लगे। हंगामे की सूचना पर कई थानों की पुलिस पहुंच गई। इसके बाद हंगामा करने वाले लोग भाग खड़े हुए। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस ने मकान से आठ क्विंटल मांस बरामद किया है। पशु क्रूरता अधिनियम एक्ट में केस दर्ज किया गया है।
इंस्पेक्टर कृपा शंकर सक्सेना ने बताया कि शनिवार सुबह सूचना मिली थी कि असालतपुरा में एक मकान में पशु कटान किया जा रहा है। पुलिस ने हाजी शमीम के घर में दबिश दी तो आस पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए। उन्होंने पुलिस को रोकने का प्रयास किया। इसके बाद अन्य थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मकान के अंदर पहुंची तो पशु कटा पड़ा था। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से नदीम, अब्दुल रब उर्फ गब्बर निवासी असालतपुरा और अहमद नवाब निवासी करूला थाना कटघर को गिरफ्तार कर लिया। जबकि हाजी शमीम और हाजी सुबहान मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से आठ क्विंटल मांस और पशु काटने के हथियार बरामद किए हैं। इस मामले में पशु क्रूरता अधिनियम एक्ट में केस दर्ज किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया। जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया है।