लाइनपार रामलीला मैदान में अश्लील डांस के आरोप में मझोला पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। बुधवार को इस संबंध में अपना दल के पदाधिकारियों ने एक बैठक आयोजित कर जल्द कार्रवाई की मांग की है। आरोप धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने का भी है।
एसएचओ मझोला विकास सक्सेना ने बताया कि मंगलवार रात को सोशल मीडिया पर लाइनपार रामलीला मैदान में फिल्मी गाने पर लड़कियों के डांस किए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था। इस संबंध में उच्चाधिकारियों ने कार्रवाई के निर्देश दिए। मंडी समिति चौकी प्रभारी वीरेंद्र ने ठेकेदार राजू सहित अन्य (अज्ञात) के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मेले में डांस बंद करवा दिया गया है। उधर, अब तक आरोपियाें की गिरफ्तारी न होेने पर अपना दल के महानगर अध्यक्ष अमरीश कुमार यादव ने शिव विहार कालोनी में पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की और मेले में अश्लील डांस का विरोध जताया है।