मुरादाबाद। शहर में पुलिस की ओर से कड़ी चौकसी का दावा करने वाली पुलिस की कलई सोमवार शाम को उस वक्त खुल गई, जब एक छात्रा से बाइक सवार युवक ने मोबाइल लूट की कोशिश की। हालांकि, छात्रा ने हिम्मत दिखाई और आरोपी का हाथ पकड़ लिया। जिसके बाद बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। आरोपी युवक अपनी बाइक छोड़कर भाग गया है, पुलिस ने उसकी बाइक को कब्जे में लेकर तलाश शुरू कर दी है।
सम्राट अशोक नगर में रहने वाले बृजकिशोर शिक्षक हैं। उनकी बेटी प्रांजल टीएमयू टीएमयू में बीएमएलटी द्वितीय वर्ष की छात्रा है। वह कालेज से घर तक आने जाने के लिए आटो में सफर करती है। रोजाना की तरह सोमवार शाम को कालेज से लौटते वक्त वह कांशीराम नगर गेट पर आटो से उतरी। वहां से पैदल ही घर की तरफ मोबाइल पर बात करते हुए जाने लगी। आरोप है कि इस दौरान पीछे से बाइक पर एक युवक तेज रफ्तार में आया और झपट्टा मारकर छात्रा के हाथ से मोबाइल छीनने की कोशिश की। छात्रा ने हिम्मत दिखाई और आरोपी का हाथ पकड़कर खींच लिया, जिससे की उसकी बाइक फिसल कर नाले में जा घुसी। छात्रा ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो वह हाथापाई कर वहां से बाइक छोड़कर भाग निकला। छात्रा ने शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंचे हालांकि तब तक आरोपी वहां से भाग चुका था। छात्रा ने 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को वारदात की सूचना दी। इसके बाद मझोला पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी की बाइक को पुलिस ने कब्जे में लिया। इस दौरान वहां पर लोगों की भीड़ भी लग गई। सीओ सिविल लाइन राजेश कुमार ने बताया कि छात्रा ने मोबाइल लूट की कोशिश की शिकायत की है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस ने दर्ज नहीं की रिपोर्ट
मुरादाबाद। एक तरफ छात्रा ने हिम्मत दिखाकर मोबाइल लुटने से बचाया तो दूसरी तरफ पुलिस इस मामले में लापरवाही बरत रही है। देर रात तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। मझोला पुलिस ने सीओ को बताया कि छात्रा से लूट की कोशिश के मामले में तहरीर नहीं मिली है। सीओ ने रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।