जिला पंचायत कार्यालय के सामने बुधवार दोपहर कार सवारों ने एक युवक को अगवा कर लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। तब मौके पर मौजूद लोगों ने अपहरण करने वालों में व्यापारी नेता दीपक अग्रवाल का नाम बताया। पुलिस ने व्यापारी नेता से संपर्क किया तो वह खुद ही युवक को थाने लेकर पहुंच गए। यहां युवक ने बताया कि दोनों के बीच विवाद चल रहा है। बातचीत करने के लिए वह अपनी मर्जी से ही साथ में गया था। इसके बाद दोनों थाने से चले गए।
बुधवार दोपहर सिविल लाइंस थाना पुलिस को सूचना मिली कि जिला पंचायत कार्यालय के सामने व्यापारी नेता दीपक अग्रवाल अपने साथ कुछ साथियों के साथ आए और एक युवक को कार में डालकर ले गए हैं। पुलिस मौके पर पहुंची। यहां लोगों से पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस ने दीपक अग्रवाल से फोन पर बात की। कुछ देर बाद दीपक अग्रवाल युवक को ल ेकर थाने पहुंच गए। यहां बताया कि एसबीआई बैंक के सामने हमारी कार आपस में भिड़ गई थी। इसके बाद युवक अपनी कार को लेकर जिला पंचायत की ओर दौड़ा। यहां दीपक अग्रवाल ने उसे पकड़ लिया। तब पता चला कि कार सवार युवक चंदौसी निवासी विकास है। दीपक और विकास के बीच पहले से रुपयों को लेकर विवाद चल रहा है। थाने में विकास ने बताया कि दोनों के बीच विवाद चल रहा है। बातचीत करने के लिए ही वह साथ में गया था। इंस्पेक्टर सुधीर पाल धामा ने बताया कि युवक ने कोई तहरीर नहीं दी है। उसने कहा कि उसका अपहरण नहीं किया गया।