कुंदरकी (मुरादाबाद)।
पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज 54 मामलों में आरोपी मतीन जमानत पर छूटने के बाद तीन माह से फरार था, उसकी गिरफ्तारी के लिए नौ अदालतों से वारंट जारी हुए थे। आईजी बीके सिंह के निर्देश पर मुरादाबाद ही नहीं बल्कि मंडल की पुलिस मोस्ट वांटेड हिस्ट्रीशीटर मतीन की तलाश में जुटी थी। शनिवार को कुंदरकी पुलिस ने उसे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मतीन के पैर में गोली लगी है। आरोपी का साथी भी पकड़ा गया है। मतीन का उपचार कराया गया। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। मुठभेड़ में एक सिपाही के हाथ में गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी देहात उदय शंकर सिंह ने बताया कि मतीन बिलारी के तेवर खास का रहने वाला था। वह शनिवार सुबह सात बजे अपने दो दोस्तों के साथ बाइक पर जा रहा था। कुंदरकी में भैसोड़ संपर्क मार्ग पर पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे एसएचओ कुंदरकी संजय धीर ने तीनों को रोका तो बाइक सवार युवकों ने फायरिंग कर दी। वे मैनाठेर स्थित डींगरपुर रोड की ओर भागे। वायरलेस से सूचना प्रसारित की गई तो मैनाठेर पुलिस ने दूसरी तरफ से आरोपी को घेर लिया। कई थानों का फोर्स पहुंचा। इस दौरान कुंदरकी पुलिस से आरोपियों की मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों तरह से कई राउंड गोलियां चलाई गई। एक गोली मतीन के पैर में लग गई, वह जख्मी होकर गिर गया तो पुलिस ने उसके दूसरे साथी रईस निवासी राजा का मझोला जिला संभल के साथ मतीन को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों का तीसरा साथी अमजद निवासी ग्राम तेवरखास थाना बिलारी कोहरे का फायदा उठाकर ईख के खेत में होकर भाग गया है। पकडे़ गए आरोपियों से एक बाइक, तमंचा, तीन कारतूस और चाकू बरामद किया गया है। एसपी ने बताया कि मतीन पर बिलारी, कुंदरकी, पाकबड़ा, मझोला, चंदौसी सहित मंडल के अन्य जनपदों में हत्या, डकैती, लूट, चोरी जैसे संगीन आरोप में 54 मामले दर्ज है।
शेखूपुर खास में किसान के घर से लूटे जेवर बरामद
मुरादाबाद। सीओ बिलारी वीरपाल सिंह ने बताया कि एक दिसंबर को कुंदरकी थाना क्षेत्र के ग्राम शेखूपुर खास में हुई किसान दयानंद के घर में घुसकर की गई लूट को मतीन, रईस, अमजद ने अपने चौथे साथ शमीम निवासी ग्राम तेवरखास थाना बिलारी के साथ मिलकर अंजाम दिया था। लूटे गए जेवरों में से दोजोड़ी पाजेब, एक जोड़ी कुंडल, एक पेंडिल, मुंदरी को मतीन और रईस की निशानदेही पर बरामद किया गया है। इस घटना को डकैती बताया जा रहा था लेकिन पुलिस का कहना है कि वारदात में चार आरोपी ही शामिल थे।
घना कोहरा होने पर जुटी ग्रामीणों की भीड़
कुंदरकी। भैसोड़ संपर्क मार्ग पर जिस समय पुलिस और लूट के आरोपियों में मुठभेड़ हुई उस समय घना कोहरा छाया हुआ। साथ ही कड़ाके की ठंड पड़ रही थी। मुठभेड़ की पता लगने पर निकटवर्ती ग्राम भैसोड़, मझोली खास, कादलपुर मस्ती, नगला सालार, हरियाना समेत गांवों के ग्रामीण जुट गए और मुठभेड़ की जानकारी लेने लगे। पुलिस के जाने के बाद ग्रामीणों की भीड़ हट सकी।
फेारेंसिक टीम ने मुठभेड़ स्थल से लिए फुटेज
कुंदरकी। पुलिस मुठभेड़ की सूचना मिलने पर फोरेंसिक टीम ने तमंचा, कारतूस और बाइक की फोटो ली। फोरेसिंक टीम का काम पूरा होने के बाद पुलिस ने बाइक, तमंचा, कारतूस को कब्जे लेकर थाने ले आई।