छेड़खानी से तंग छात्रा ने फंदा लगाकर दी जान
मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में 11वीं की छात्रा ने रविवार दोपहर बाद घर में रस्सी से बने फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। पिता का आरोप है कि उसे एक युवक चार माह से परेशान करता था। रास्ते में छेड़खानी और छींटाकशी करता था। शनिवार को भी आरोपी ने छात्रा को जान से मारने की धमकी दी। जिसके बाद तनाव में आकर छात्रा ने आत्महत्या की है। तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की गई है।
जयंतीपुर चौकी क्षेत्र में एक मजदूर का परिवार रहता है। परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटी दो बेटे हैं। छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी बड़ी बेटी (17) 11वीं कक्षा में पढ़ती थी। उसे कालोनी के पास ही रहने वाला एक युवक चार माह से परेशान करता था। बदनामी के डर से उन्होंने एफआईआर दर्ज नहीं करवाई थी, एक बार जयंतीपुर पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी से मौखिक शिकायत जरूर की थी। आरोपी के घर वालों से भी शिकायत की थी लेकि न आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। इस वजह से छात्रा तनाव में रहने लगी थी। उसने खुद को घर में कैद कर लिया था। आरोप है कि शुक्रवार को छात्रा के घर के सामने आरोपी युवक अपने साथी के साथ पहुंचा। वहां पर चक्कर काटे और शोर मचाने लगा। छात्रा ने उसे घर के सामने चक्कर काटने से रोका तो दोनों ने छात्रा को जान से मारने की धमकी दे डाली। छात्रा की मां आई तो उनसे भी अपशब्द कहे। मोहल्ले के लोग इकट्ठे हुए तो आरोपी वहां से भाग गए। रविवार को छात्रा को बुखार आ गया, वह दवा खाने की बात कहकर कमरे में सोने गई। पिता दूसरे कमरे में टीवी देख रहे थे, अन्य भाई, बहन भी वहां पर थे। मां घर से बाहर गई थी। शाम पांच बजे मेहमान घर पर आए तो पिता ने छोटी बेटी से चाय बनाने के लिए कहा। घर में चीनी नहीं थी तो पिता ने बड़ी बेटी से पैसे लेने के लिए कहा। छोटी बहन ने आवाज लगाई तो उसने दरवाजा नहीं खोला। दरवाजा अंदर से बंद था, पिता ने धक्का दिया तो दरवाजे की कुंडी टूट गई। अंदर छत पर बने कुंडे में लटकी रस्सी के फंदे पर का शव झूल रहा था। परिवार में चीख पुकार मच गई। पिता ने शव को फंदे से नीचे उतारा। इस दौरान भीड़ जुट गई। देर शाम पुलिस को सूचना मिली। एसएचओ मझोला विकास सक्सेना ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, सुसाइड नोट नहीं मिला है। शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। देर रात तक परिवार वालों ने तहरीर पुलिस को नहीं दी है, हालांकि उन्होंने बेटी से छेड़खानी और उसे टॉर्चर करने का आरोप लगाया है। आरोपी के रिश्तेदार पर भी धमकी देने का आरोप है।