मुरादाबाद। उसने बहुत गलत किया, अमन को देखो इसके सिर से मां का साया पहले ही उठ गया था अब सौतेले मां बनकर आई नीतू ने अमन के सिर से पिता का साया भी छीन लिया है। रविवार को ये कहते हुए शिवकुमार की मां सुदामा फफक कर कैमरे के सामने रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि इंसाफ हो, सिर्फ नीतू को ही नहीं उसके साथी पल्लव को भी पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज और दोनों को कड़ी सजा हो।
सुदामा ने बताया कि 2003 में शिवकुमार की पत्नी अमरवती की मौत हुई तो उस वक्त अमन की उम्र करीब दो साल की रही होगी। अमरवती की मौत के बाद शिवकुमार की रेलवे में पिता की जगह नौकरी लगी थी। वह दूसरी शादी नहीं करना चाहते थे लेकिन अमन की परवरिश में कोई दिक्कत न हो, इस वजह से उन्होंने दूसरी शादी नीतू से की थी। शिवकुमार और नीतू की उम्र में 15 साल का अंतर था लेकिन शादी के वक्त इस बात को लेकर कोई विवाद नहीं हुआ, शिवकुमार की सरकारी नौकरी थी इस वजह से शादी हो गई। शादी के बाद नीतू को लेकर शिवकुमार पहले सूर्य नगर में विद्या के घर में ही दो साल रहे लेकिन वहां पर रहने से नीतू ने मना कर दिया था। इसकी वजह नीतू पर विद्या की निगरानी थी, वह इससे आजादी चाहती थी। नीतू को लेकर शिवकुमार चिड़ियाटोला में रहने लगे लेकिन नीतू के चाल चलन ठीक नहीं लगने पर तीन साल पहले ही रेलवे क्वार्टर में किराए पर कमरा लेकर नीतू के साथ शिवकुमार रहने लगे। नीतू ने शिवकुमार से शादी तो कर ली लेकिन वह उसको पसंद नहीं करती थी, बुड्ढा कहकर चिढ़ाती थी। अमन ने बताया कि मां उसको भी नापसंद करती थी। यही वजह है कि वह गांव के पास ही स्थित स्कूल में पढ़ता है, पिता की सरकारी नौकरी होने के बावजूद वह शहर में पढ़ने नहीं आया। हाईस्कूल की परीक्षा देने के बाद वह पिता के पास रहने गया तो देखा कि मां वक्त-बेवक्त घर से गायब रहती थी, पूछने पर पिता से गाली गलौच करती थी। आलम ये था कि घर में खाना भी ड्यूटी से आने के बाद पिता ही बनाते थे, कपडे़ भी वह ही धुलते थे। मां आराम फरमाती थी। सुदामा ने बताया कि शिवकुमार ने इन सब चीजों के सहन करने के पीछे की वजह समाज में बदनामी का डर बताया था।
.......
हत्या से पहले शिवकुमार को पुलिस से भी पिटवाया था नीतू ने
मुरादाबाद। सुदामा ने बताया कि रामतलैया पुलिस चौकी के पास ही पल्लव की परचून की दुकान है। जबकि रेलवे क्वार्टर भी नजदीक है। ऐसे में पल्लव और नीतू अक्सर मिलते थे, इसकी जानकारी होने पर जब शिवकुमार विरोध जताया तो नीतू उनको पुलिस से गिरफ्तार करवाने की धमकी देती थी।
सुदामा ने यह भी बताया कि काफी दिन पहले भी नीतू पुलिस चौकी पहुंच गई थी, उसने शिकायत की थी कि शिवकुमार उसे शराब पीकर पीटता है। इसके बाद पुलिस घर आई और शिवकुमार को उठाकर पुलिस चौकी ले गई थी, जहां पर उसकी पटाई की गई थी। बमुश्किल समझौता होने पर पुलिस ने शिवकुमार को चौकी से छोड़ा था, इसकी जानकारी सुदामा को एक जानकार ने दी थी। सुदामा ने शिवकुमार से पूछा तो उन्होंने बताया था कि हां ये सच है कि नीतू ने पुलिस से उसको पिटवाया है। सुदामा की मांग है कि नीतू के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।