उत्तरप्रदेश भारत स्काउट एंड गाइड की जनपदीय रैली का गुरुवार को समापन हो गया। आखिरी दिन स्काउट एंड गाइड ने तंबू, पुल निर्माण कौशल, खाना बनाने एवं दल अभिलेख का प्रदर्शन किया। एमएलसी डा. जयपाल सिंह व्यस्त ने निरीक्षण कर स्काउट एंड गाइड का उत्साहवर्धन किया।
तीन दिवसीय रैली में जिले के 66 स्कूलों के स्काउट एंड गाइड ने प्रतिभाग किया। रैली में अलग-अलग गतिविधियों में नगर माध्यमिक सीनियर वर्ग में जीजी हिंदू कालेज, नगर माध्यमिक जूनियर वर्ग में चित्रगुप्त इंटर कालेज, तहसील सीनियर में डीएमएम इंटर कालेज, तहसील जूनियर में राजकीय इंटर कालेज नगलिया जट, ब्लाक स्तर पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय चमरौवा, नगर बेसिक में फूलवती शिक्षा निकेतन और सीबीएसई में आरएसडी एकेडमी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गाइड गतिविधियों में नगर माध्यमिक सीनियर वर्ग में राम चंद्र शर्मा कन्या इंटर कालेज, जूनियर वर्ग में आर्य कन्या इंटर कालेज, तहसील सीनियर वर्ग में आरपी विद्या मंदिर, जूनियर वर्ग में बिहारी आदर्श कन्या इंटर कालेज, ब्लाक स्तर पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय दलपतपुर, नगर बेसिक में फूलवती शिक्षा निकेतन और सीबीएसई में आरएसडी एकेडमी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
स्वागत गीत हिंदू मॉडल इंटर कालेज, समूह नृत्य आकांक्षा विद्यापीठ के विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किया। एमएलसी डा. जयपाल सिंह व्यस्त ने मुख्यायुक्त आरके टंडन के साथ स्काउट एंड गाइड के कैंप का निरीक्षण किया। एमएलसी ने स्कूल को वाटर कूलर उपलब्ध कराने की घोषणा की और विजेता टीमों को सम्मानित किया। अध्यक्षता जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय मिथलेश कुमार और संचालन वंश बहादुर ने किया। रैली का संचालन गौरव सक्सेना ने किया।