ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)।
सांसद सर्वेश सिंह और डीएम राकेश कुमार सिंह को एके-47 से उड़ाने की धमकी देने वाले रोहताश सिंह को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। सर्विलांस की मदद से पकड़ में आए रोहिताश को मंगलवार को पुलिस कोर्ट में पेश करेगी।
ठाकुरद्वारा कोतवाली के गांव ख्वाजपुर धनतला निवासी रोहताश सिंह ने गांव के राशन डीलर के खिलाफ डीएम और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की थी। रोहिताश का आरोप था कि मर चुके लोगों के राशन कार्ड बनाकर राशन डीलर गरीबों का हक मार रहा है। उसका आरोप था कि डीलर गरीबों को राशन और केरोसिन नहीं देता। कार्डों पर फर्जी एंट्री की जाती है। प्रशासन ने जांच के बाद राशन डीलर को क्लीन चिट दे दी थी। रोहिताश का आरोप था कि सांसद के दबाव में प्रशासन ने राशन डीलर को क्लीन चिट दी है। न्याय नहीं मिलने पर उसने नक्सलवादियों और आतंकवादियों से मिलकर एके-47 उठाने और सांसद व डीएम को सबक सिखाने की धमकी दी थी। सांसद के निजी सचिव चंद्रपाल सिंह ने दो दिन पहले घटना की बाबत ठाकुरद्वारा कोतवाली में रोहिताश के खिलाफ राष्ट्रद्रोह समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से सोमवार को उसे ट्रेस कर लिया। ठाकुरद्वारा कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि रोहताश सिंह को रानी नागल गांव के पास से गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से पुलिस ने मोबाइल फोन और 560 रुपये बरामद किए हैं। हालांकि पुलि सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने उसे दिल्ली के पास से हिरासत में लिया था।