दुष्कर्म पीड़ित ने आरोपी पर तेजाब डालने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उसने सिविल लाइंस थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
कटघर थानाक्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने 28 फरवरी को कटघर थाने में अपने प्रेमी के खिलाफ बलात्कार का केस दर्ज कराया था। उसने आरोप लगाया था कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा देकर बलात्कार किया है। अब आरोपी शादी नहीं कर रहा है। इस मामले में कटघर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन बाद में युवती ने अदालत में आरोपी के पक्ष में ही बयान दिए। जेल से बाहर आने के बाद युवक ने उससे शादी करने से इंकार कर दिया। युवती ने बताया कि बुधवार दोपहर वह कचहरी आई थी। वह यहां से ऑटो में बैठकर घर जा रही थी। कचहरी के सामने आरोपी पहुंच गया और उसने उसे ऑटो से खींच लिया। युवती ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उस पर तेजाब डालने की धमकी दी है। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस अजीत कुमार सिंह ने बताया कि मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। शुरुआत जांच में युवती पर तेजाब डालने की धमकी देने के आरोप झूठे पाए गए हैं।