अमरोहा से पकड़े गए हरकत - उल - हर्ब - ए - इस्लाम के यूपी कमांडर मुफ्ती सुहैल के कस्टडी रिमांड पर अहम राज उगलने के बाद एनआईए और एटीएस की टीमों ने मंडल में डेरा डाल दिया है। मंगलवार को एनआईए और एटीएस की टीमों ने मंडल में कई स्थानों पर ताबड़तोड़ छापे मारे। किसी को हिरासत में लेने की बात से अधिकारी इंकार कर रहे हैं, लेकिन सुहैल से मिली जानकारियों की पुष्टि के लिए टीम के कई लोगों से पूछताछ की बात अधिकारियों ने स्वीकार की है। टीम अमरोहा और रामपुर में कैंप कर रही है। ऐसे में बुधवार को भी मंडल में छापों का सिलसिला चल सकता है।
अमरोहा से पकड़े गए मुफ्ती सुहैल और उसके साथियों से एनआईए कस्टडी रिमांड पर लगातार पूछताछ कर रही है। जैसे - जैसे वह राज उगल रहा है, सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों का शिकंजा मंडल पर कसता जा रहा है। मंगलवार को टीम ने अमरोहा और रामपुर में दो दर्जन से अधिक स्थानों पर छापामारी की तो संभल और मुरादाबाद में भी टीमों का मूवमेंट रहा। सुहैल ने जो - जो बातें उगली हैं उनकी पुष्टि और आगे की कड़ियां जोड़ने के लिए एनआईए और एटीएस ने लोगों से पूछताछ की है। कई स्थानों पर स्थानीय पुलिस की भी कार्रवाई में मदद ली गई है।
एनआईए ने अमरोहा से जिन पांच आतंकियों को पकड़ा था उनसे रिमांड पर मिली जानकारियों के बाद एनआईए और एटीएस ने अमरोहा और रामपुर के साथ मंडल के कुछ अन्य स्थानों पर छापामारी की है। टीमें आतंकियों से मिली सूचनाओं का सत्यापन कर रही हैं। अमरोहा के साथ ही रामपुर में भी कुछ स्थानों पर टीमों ने कई लोगों से सूचनाओं का सत्यापन किया है। किसी को हिरासत में लेने की सूचना नहीं है। यह एक तरह का फ ॉलोअप वर्क है। टीमें स्थानीय पुलिस के संपर्क में हैं। - बिनोद कुमार सिंह, आईजी।