मुरादाबाद। गो तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए जंगलों को नया ठिकाना बनाया है। रात 12 से सुबह छह बजे के बीच का वक्त वह गोकशी करते हैं, जंगल भी खासतौर पर उन स्थानों का है। जहां दो थानों की सीमा खत्म होती है, ऐसे में एसएसपी ने इन गोतस्करों को पकड़ने के लिए अब रात के वक्त जंगलों में भी गश्त करने और जेल से छूटे गोतस्करों की रात के वक्त निगरानी के लिए निर्देश दिए हैं।
कुंदरकी में हुई गोकशी का भंडाफोड़ होने के बाद पुलिस पर सवाल उठ रहे हैं। एसएसपी ने भी इस मामले में जांच बैठाई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में भी यही सामने आया है कि दो थानों की सीमा के पास जंगल में रात के वक्त गोकशी किए जाने के कारण आरोपियों को ट्रेस करने में पुलिस फेल हुई थी, हालांकि इसमें पुलिस की मिलीभगत की भी जांच की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि गोस्तकरों पर शिकंजा कसा जा रहा है। पिछले दो साल के अंदर आठ सौ आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है, इसके बाद भी गोकशी पर रोक नहीं लग रही। ये गंभीर मामला है, गोतस्करों की निगरानी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
गोतस्करों पर लगेगा गैंगस्टर, संपत्ति होगी जब्त
मुरादाबाद। एसएसपी जे रविंदर गौड ने बताया कि गोतस्करों पर शिकंजा कसने के लिए अब उन पर गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी। पिछले दस साल के अंदर गोकशी के मामले में प्रकाश में आए आरोपियों का ब्योरा खंगाला जा रहा है, इसके बाद गैंगस्टर की कार्रवाई के साथ ही उनकी संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।