पाकबड़ा (मुरादाबाद) ।
पाकबड़ा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार को बचाने के चक्कर में यात्रियों से भरा एक ट्रैवलर पलट गया। जिसमें सवार ना यात्री जख्मी हो गए। हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जख्मी लोगाें को अस्पताल पहुंचाया। क्षतिग्रस्त ट्रैवलर को हाईवे से हटवाकर जाम खुलवाया।
एसएचओ पाकबड़ा गजेंद्र त्यागी ने बताया कि दिल्ली से शुक्रवार सुबह एक ट्रैवलर नैनीताल जा रहा था। उसमें करीब 15 यात्री सवार थे। जब ट्रैवलर लोधीपुर के पास पहुंचा तो वहां पर अचानक एक कार सामने आ गई। इस कार को बचाने के चक्कर में चालक का ट्रैवलर से नियंत्रण हट गया। अनियंत्रित ट्रैवलर हाईवे पर पलटने के कारण उसमें सवार बीएन शर्मा, आरती, पंकज, समर्थ और पंखुरी जख्मी हो गए। चीख पुकार सुन लोग वहां पर एकजुट हो गए। पुलिस को सूचना दी। ट्रैवलर में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया। वहां से उपचार के बाद सभी लोग अपने गंतव्य को चले गए हैं। हादसे की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।