मुरादाबाद। रेल मंडल में अंतर विभागीय क्रिकेट टूर्नामेंट के दूसरे दिन दो मैच खेले गए। इसमें यांत्रिकी शाखा और लेखा विभाग की टीम विजयी रही। यांत्रिकी शाखा ने परिचालन शाखा को 47 रनों से हरा दिया, जबकि लेखा विभाग ने स्वास्थ्य विभाग की टीम पर आठ रनों से रोमांचकारी जीत दर्ज की।
यांत्रिकी शाखा की टीम ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। परिचालन शाखा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते 20 ओवरों में 253 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए अजय ने 77, डीओएम उचित सिंघल ने 35, सीनियर डीओएम सुधीर कुमार सिंह ने 32 रन और महेश मीणा ने 42 रनों का योगदान दिया। यांत्रिकी शाखा की ओर से अरविंद ने चार विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यांत्रिकी शाखा की टीम 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 206 रन ही बना सकी। शाने आजम ने शानदार 104 रनों की पारी खेली। परिचालन शाखा की ओर से महेश मीणा ने पांच विकेट हासिल किया। महेश मीणा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मैच लेखा विभाग और चिकित्सा विभाग के बीच हुआ। लेखा विभाग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 183 रन बनाए, जिसमें राजकुमार ने 58, श्रीकांत ने 37 और राजेश कोहली ने 27 रनों का योगदान दिया। चिकित्सा विभाग की तरफ से डॉक्टर दिनेश मोहन ने दो विकेट लिए। 183 रनों का पीछा करते हुए चिकित्सा विभाग की टीम 20 ओवरों में 175 रन बना पाई। टीम के लिए शुभकरण ने 34 और डॉ. दिनेश मोहन ने 20 रन जोड़े। लेखा विभाग की ओर से अरविंद ने तीन विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच लेखा विभाग के राजकुमार रहे। मैच में राकेश त्यागी, दिलीप सिंह अंपायर की भूमिका में रहे, जबकि शांतम गुप्ता स्कोरर रहे। इस दौरान एडीआरएम राकेश सिंह, सीनियर डीसीएम सुधीर सिंह, सुनील कुमार, कुलवंत सिंह, अमित शर्मा आदि मौजूद रहे।