मुरादाबाद। उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायमूर्ति प्रीतिंकर दिवाकर ने रविवार को सर्किट हाउस में चार जिलों के न्यायिक अधिकारियों के साथ विधिक गोष्ठी करने के बाद जिला न्यायालय परिसर के कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कैमरों का उद्घाटन किया।
एक दिवसीय न्यायिक प्रशिक्षण गोष्ठी मेें शामिल होने के लिए दिल्ली रोड स्थित सर्किट हाउस में मुरादाबाद, अमरोहा, संभल और बिजनौर के जिला जज व अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। रविवार सुबह दस बजे सलामी लेने के बाद गोष्ठी की शुरुआत दीप प्रज्जवलन करके की गई। कार्यक्रम का आगाज मुरादाबाद जिला न्यायाधीश शशिकांत शुक्ल के अभिभाषण से हुआ। सभी न्यायिक अधिकारियों को विधि संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया गया। विधि व्यवस्था व नवीनतम विधि पर गोष्ठी में दो तरफा संवाद भी हुआ। अमरोहा जिले के न्यायाधीश अशोक कुमार सिंह, संभल जिला न्यायाधीश अश्विनी कुमार त्रिपाठी, बिजनौर जिला न्यायाधीश जयश्री अहुजा मुख्य रूप से गोष्ठी में मौजूद रहे। ये जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विभांशु सुधीर ने दी।
30 सीसी कैमरा, मेटल डिटेक्टर से मजबूत होगी सुरक्षा
शाम सवा चार बजे जिला न्यायालय परिसर में लगाए गए सीसी कैमरों का उद्घाटन किया गया। कोर्ट मैनेजर ने बताया कि कचहरी में कंट्रोल रूम का निर्माण कराया गया था। कुल 30 सीसी कैमरे लगाए गए हैं। मेटल डिटेक्टर और पुलिस कर्मियों को हैंड मेटल डिटेक्टर दिए गए हैं। न्यायालय परिसर की सुरक्षा के मद्देनजर यह प्रयास किए गए हैं। अब तीसरी निगाह की निगेहबानी में न्यायालय परिसर रहेगा।