मुरादाबाद। लखनऊ रूट पर ब्लॉक की वजह से दो महत्वपूर्ण यात्री ट्रेनें त्रिवेणी और राज्यरानी 30 से 50 मिनट तक फंसी रही। साथ ही दो मालगाड़ियों का संचालन भी इस दरमियान प्रभावित हो गया।
मलिहाबाद के बाद इंजीनियरिंग विभाग रविवार दोपहर 1.50 बजे से 3 बजे तक पटरी पर मरम्मत कराने के लिए ब्लॉक लिया था। इस दौरान 15073 त्रिवेणी एक्सप्रेस और 22454 राज्यरानी एक्सप्रेस समेत दो मालगाड़ी को गुजरना था। लेकिन पटरियों पर मजदूरों द्वारा मरम्मत कराए जाने की वजह से गाड़ियां 30 से 50 मिनट तक लेट हुई। करीब साढ़े तीन बजे ब्लॉक को खोला जा सका।
गेट के तार टूटने के बाद पांच मालगाड़ी प्रभावित
मुरादाबाद। रामपुर से शाहपुर के बीच क्रासिंग के गेट का तार टूटने की वजह से पांच मालगाड़ियों का संचालन प्रभावित हुआ। रविवार दोपहर ढाई बजे गेट नंबर 400 पर अचानक तार टूट गया। इसको 3.45 बजे ठीक किया जा सका। अप और डाउन दोनों साइड की ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ।
नगीना के पास मालगाड़ी के इंजन में आई खराबी
मुरादाबाद। तड़के लखनऊ रूट की मालगाड़ी के इंजन में तकनीकी खराबी आने से ट्रैक पर ही खड़ी हो गई। लूप लाइन से बाकी ट्रेनों को गुजारा गया। नियंत्रण कक्ष को जानकारी भेजने के बाद तकनीकी टीम को इंजन दुरुस्त करने के लिए भेजा गया। इंजन के ठीक होने के बाद गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इसकी वजह से ट्रेनों का यातायात प्रभावित नहीं हुआ है।