मुरादाबाद। मुरादाबाद यार्ड में बुधवार देर रात दो बजे बड़ा हादसा होने से बाल बाल बच गया। यहां नई दिल्ली से लखनऊ जाने वाली लखनऊ मेल कपलिंग टूटने की वजह से दो हिस्सों में बंट गई। इंजन में लाल सिगनल जलते ही चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। वीआईपी ट्रेन के दो हिस्सों में बंटने की जानकारी से रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। अधिकारी रात में मौके की ओर दौड़े और ट्रेन बैक कराकर कोचों को जोड़ा गया। करीब एक घंटे तक ट्रेन मौके पर ही खड़ी रही। जिसे लेकर यात्रियों ने काफी हंगामा किया। उन्हें समझाकर शांत कर ट्रेन आगे के लिए रवाना की गई।
लखनऊ मंडल की वीआईपी ट्रेन लखनऊ मेल बुधवार रात पौने दो बजे रेलवे स्टेशन पर पहुंची। यहां ठहराव के बाद ट्रेन को सिगनल देकर आगे के लिए रवाना किया गया। ट्रेन मुरादाबाद यार्ड में ही पहुंची थी। इसी दौरान कपलिंग टूटने की वजह से ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई। ट्रेन के स्लीपर एस वन और स्लीपर एस टू कोच अलग हो गए। गनीमत रही कि कोच पटरी से नहीं उतरे। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। इंजन में लगे सिस्टम में लाल सिगनल जलते ही चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। इसके अलावा ट्रेन के अलग हुए कोच में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। इस हादसे की जानकारी रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। एक घंटे बाद कपलिंग टूटने के बाद ट्रेन रवाना कर दी गई। डीआरएम तरुण प्रकाश ने बताया कि कपलिंग टूटने की वजह से ट्रेन के दो कोच अलग हो गए थे। जिन्हें जोड़ने के बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना कर दी गई। इस मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।