कुंदरकी। क्षेत्र के एक गांव में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर मारपीट और धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर 16 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक एक गांव निवासी एक महिला ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि वह अपने देवर के साथ बाइक से दूसरे घर जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में पुरानी रंजिश को लेकर एक आरोपी ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज व छेड़खानी करने लगा। विरोध करने पर मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद रविवार की सुबह करीब 8:30 बजे सभी आरोपी एक राय होकर तमंचा, तबल, चाकू और सरिये हाथों में लेकर उसके घर में घुस आए। घर में घुसकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि आरोपी ने धारदार हथियार से जान से मारने की नीयत से हमला किया। मारपीट में महिला और उसके उसकी ननद, पति, देवर और बच्चों को चोटें आई हैं। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी पर उपचार कराया है। थाना प्रभारी हम्बीर सिंह जादौन ने बताया कि तहरीर के आधार पर 16 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।