कोरोना वायरसः सैंपल लेते कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए मुरादाबाद प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को दिल्ली से आने वाले यात्रियों की कोरोना की रैंडम सैंपलिंग शुरू कर दी। पहले दिन दो सौ यात्रियों की जांच हुई। सीएमओ के अनुसार रिपोर्ट शुक्रवार या शनिवार तक आएगी। उधर जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह का कहना है कि दिल्ली से आने वाले किसी व्यक्ति में यदि कोरोना के लक्षण हैं तो जांच अवश्य कराई जाएगी।
दिल्ली में बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है क्योंकि मुरादाबाद से दिल्ली की कनेक्टिवटी बेहतर है और प्रतिदित हजारों लोग दिल्ली से आते जाते हैं। ऐसे में यहां भी एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए गए हैं। गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की दो टीमों ने दिल्ली से आने वाली बसों से आए यात्रियों की रैंडम सैंपलिंग की।
सीएमओ डॉ. एमसी गर्ग के अनुसार आरटीपीसीआर की रिपोर्ट एक-दो दिन में आएगी, जबकि 1677 व्यक्तियों की एंटीजन की जांच में कोई पॉजिटिव नहीं मिला है। वहीं, सर्विलांस प्रभारी ने एमओआईसी की बैठक बुलाई और सभी को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कोरोना पॉजिटिव केस मिलने पर मरीज से संपर्क कर कांटेक्ट ट्रेस करने पर जोर दिया है। गुरुवार को चार व्यक्तियों को छुट्टी दे दी गई। अब एक्टिव केसों की संख्या 232 रह गई है।
दिल्ली से आने वालों की रैंडम सैंपलिंग होगी। जोर इस पर है कि वहां से आने वाला एक भी ऐसा व्यक्ति सैंपलिंग से न छूटे जिसमें लक्षण हैं। जो लोग वहां से आए हैं वह भी इस बात का ध्यान रखें। यदि उनमें जरा भी कोरोना के लक्षण हैं तो वे तत्काल अपना सैंपल करा लें। सभी की सुरक्षा के लिए यह बेहद जरूरी है।
- राकेश कुमार सिंह, डीएम