मुरादाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मुरादाबाद में कोरोना से जंग के लिए संसाधन बढ़ाने के निर्देशों पर होमवर्क शुरू हो गया है। वर्तमान में उपलब्ध आइसोलेशन, आईसीयू और वेंटिलेटर बेडों को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं अगले डेढ़ महीने में तीन ऑक्सीजन प्लांट चालू करने की योजना बनाई है।
कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह का दावा है कि महानगर के अस्पतालों में 366 आइसोलेशन बेड, 157 आईसीयू और 37 वेंटिलेटर बेड पिछले 18 दिनों में बढ़ाए जा चुके हैं और अगले बीस दिनों में इनकी संख्या दोगुनी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। याद रहे कि दूसरी लहर के बाद तीसरी लहर की आशंका शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जता गए। इसी को लेकर सभी तैयारियां की जा रही हैं। वजह है कि जिले के अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन, टीकाकरण और जांच का संकट बरकरार है, लेकिन तीसरी लहर आने से यह सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की तैयारी अभी से शुरू कर दी गई है। विशेषज्ञों के अनुसार जुलाई के बाद तीसरी लहर की संभावना है।
जिले में लगेंगे तीन ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट्स
कमिश्नर ने बताया कि पीएम केयर फंड से जिले में तीन ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट्स अगले डेढ़ महीने में लग जाएंगे। इसमें एक जिला अस्पताल में, जबकि दो आवश्यकतानुसार सीएचसी आदि में लगवाएं जाएंगे। ऑक्सीजन प्लांट्स लगाने का काम दिल्ली की एजेंसी के जिम्मे है, जो निर्धारित समय में इनका काम पूरा करेंगी। जल्द से जल्द इन प्लांट्स को शुरू किया जाना हैद्घ इनसे देश मे जिला स्तर पर ऑक्सीजन की उपलब्धता बढ़ाई जा सकेगी। इन प्लांट्स के चालू होने के बाद इन अस्पतालों में ही आक्सीजन पैदा करने की क्षमता बढ़ जाएगी।
होम आइसोलेट मरीजों को ऑक्सीजन चाहिए तो इन नंबरों पर करें कॉल
कमिश्नर ने बताया है कि होम आइसोलेट मरीजों को ऑक्सीजन चाहिए तो मोबाइल नंबर 7505198497, 8279910768 या दूरभाष नंबर 0591-2970587 पर कॉल करें। इन नंबरों पर कॉल करके कोई भी कोविड संक्रमित मरीज अपना ऑक्सीजन सिलिंडर रिफिल करा सकता है। कोविड ठीक होने के बाद भी आवश्कता पड़ने पर सिलिंडर रिफिल हो सकेगा। इसके लिए उन्हें हेल्पलाइन के व्हाट्सएप नंबर पर आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र, डॉक्टर की पर्ची, कोविड पॉजिटिव होने का प्रमाण पत्र और एक फोटोग्राम चेहरे के साथ पल्स ऑक्सीमीटर की रीड़िंग के साथ करना होगा।
18 दिनों में अस्पतालों में बढ़ाए गए बेड
दिनांक आइसोलेसन बेड आईसीयू बेड वेंटीलेटर्स
20 अप्रैल 419 263 80
08 मई 785 420 107
------------------------------------------
कुल अंतर 366 157 27
------------------------------------------
निरंतर बढ़ाए जा रहे कोविड अस्पताल और बेड: कमिश्नर
कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह ने कहा है कि कोविड अस्पताल और बेड निरंतर बढ़ाए जा रहे हैं। महानगर के अलावा मंडल के अन्य जिलों में भी बेड बढ़ाए जा रहे हैं। संभल में पहले कोई ऑक्सीजन बेड नहीं था। वर्तमान में इसमें 14 वेंटिलेटर के साथ 230 ऑक्सीजन बेड हैं। इससे पहले सभी रोगियों को रोग सूचक पाए जाने पर मुरादाबाद भेजा जाता था। बिजनौर और अमरोहा में 100-150 ऑक्सीजन बेड बढ़े हैं, जबकि रामपुर में ऑक्सीजन के साथ 50 बेड हैं।