रामपुर। कोरोना संक्रमित महिला की बरेली के एक निजी मेडिकल कालेज में मौत हो गई। इसकी सूचना मेडिकल कालेज द्वारा पोर्टल पर अपलोड की गई है। वहीं गुरुवार को जनपद में 55 नए संक्रमितों की पुष्टि की गई है।
सीएमओ डॉ. सुबोध कुमार शर्मा ने बताया कि बरेली के राजश्री मेडिकल कॉलेज में एक संक्रमित महिला की मौत की सूचना अपलोड की गई है। विभागीय जानकारी के अनुसार कल्याणपुर पट्टी गांव निवासी 35 साल की महिला की शादी लालपुर में हुई थी। कुछ दिनों पहले उसकी तबियत खराब होने पर परिजन राजश्री मेडिकल कालेज ले गए थे। महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि के बाद उसे कोविड वार्ड में रखा गया था। जहां पर उसकी मौत हो गई है। वहीं गुरुवार को प्राप्त सैंपल रिपोर्ट में भी 55 नए संक्रमितों की पुष्टि की गई है। इनमें 7 सितंबर को भेजे गए 764 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। जिसमें 234 सैंपल दोबारा भेजे जाएंगे जबकि 506 सैंपल की रिपोर्ट कोरोना निगेटिव व 16 सैंपल की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। इसके साथ ही 9 सितंबर को जिले भर में हुई एंटीजन टेस्टिंग में भी 35 संक्रमित सामने आए हैं। जबकि चार संक्रमितों की रिपोर्ट निजी लैबों के द्वारा पोर्टल पर अपलोड की गई है। गुरुवार को 90 लोगों को आइसोलेशन पूर्ण करने पर डिस्चार्ज किया गया है।