टीएमयू स्थित कोविड सेंटर में मरीजों की सुरक्षा में लापरवाही बरती जा रही है। कुछ दिन के अंतराल में ही बैंक मैनेजर और हेड कांस्टेबल कूदकर आत्महत्या कर चुके हैं, जबकि बिलारी के एक गांव की महिला भागने के चक्कर में नीचे गिरकर अपनी जान गंवा चुकी है। इसके अलावा एक मरीज की मौत के बाद उसके परिजन इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा कर चुके हैं।। इलाज में लापरवाही के कई वीडियो भी वायरल हो चुके हैं।
19 अगस्त को बिलारी के ग्वारऊ गांव निवासी एक महिला ने कोविड अस्पताल की दूसरी मंजिल से भागने की कोशिश की थी। इसी दौरान महिला गिर गई थी। जिसमें उसकी मौत हो गई थी। महिला के पति ने बताया था कि वह 18 अगस्त की रात पौने तीन बजे अपनी पत्नी को यहां भर्ती कराने के बाद घर चला गया था। तब उसे कोई परेशानी नहीं थी। महिला के पति ने भी लापरवाही का आरोप लगाया था, लेकिन पुलिस की ओर से इसमें कोई जांच नहीं की गई।
इसके बाद 28 अगस्त की रात बैंक मैनेजर राजेश कुमार ने छठी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। विजय कुमार प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक की बिलारी शाखा में थे। कोरोना पॉजिटिव आने के बाद वह पहले होम आइसोलेट रहे। इसके बाद वह टीएमयू में भर्ती हुए थे। बैंक मैनेजर के भाई ने इस मामले में जांच की मांग की है। शनिवार रात हेड कांस्टेबल दिवाकर शर्मा ने कूद कर आत्महत्या कर ली। दिवाकर शर्मा को शुक्रवार को कोरोना संक्रमित आने के बाद भर्ती कराया गया था।