मुरादाबाद। मुरादाबाद में मंगलवार को सात साल की एक बच्ची समेत सात लोगों के कोरोना सैंपल लिए गए। इनमें चार जमाती भी शामिल हैं। जिले में अब तक 81 सैंपलों में सबसे कम उम्र की बच्ची का पहला सैंपल लिया गया है। सैंपल लेने के बाद जमातियों को एमआईटी में क्वारंटीन किया गया है। एमआईटी में जमातियों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है। जबकि बच्ची और दो अन्य लोगों को अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती किया गया है।
सीएमओ डा. एमसी गर्ग के मुताबिक सात साल की बच्ची भगतपुर की रहने वाली है। उसे तेज बुखार और जुकाम की शिकायत के बाद टीएमयू में भर्ती किया गया है। सीएमओ ने बताया कि बच्ची के परिवार की फॉरेन ट्रेवल हिस्ट्री नहीं है। परिवार न ही किसी कोरोना पाजिटिव के संपर्क में आया है। एहतियातन उसका सैंपल लिया गया है। सैंपल पाजिटिव आता है तो परिवार के अन्य लोगों का सैंपल लिया जाएगा।
सिद्ध अस्पताल में भी दो कोरोना संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इनमें लाइनपार निवासी 60 साल के बुजुर्ग और अमरोहा के 58 साल के बुजुर्ग हैं। इनकी भी ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। बुखार और सांस लेने में दिक्कत होने के कारण दोनों को भर्ती कर सैंपल लिया गया है। सीएमओ डा. गर्ग के मुताबिक मंगलवार को कोतवाली और गलशहीद क्षेत्र से पुलिस ने चार जमातियों को क्वारंटीन कराया है। इनमें तीन जमाती पिछले 20 दिन के अंतराल में मुरादाबाद लौटे हैं। इनमें एक की उम्र 61 साल है, जबकि दूसरे की 21 साल और तीसरे की 24 साल है। चौथा जमाती अमरोहा का 27 साल का युवक है। करीब 15 दिन पहले दिल्ली से लौटकर मुरादाबाद में रह रहा था। स्वास्थ्य विभाग ने चारों जमातियों के सैंपल लेकर एमआईटी में क्वारंटीन कर दिया है। सीएमओ के मुताबिक एमआईटी में क्वारंटीन जमातियों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है। जबकि जिले में अब तक 81 सैंपल कोरोना की जांच के लिए भेजे जा चुके हैं।