लॉकडाउन में बंद दुकानों से हो रही शराब की बिक्री
बिलारी में पुलिस ने दुकान पर मारा छापा तो फरार हो गए विक्रेता और ग्राहक
अमर उजाला ब्यूरो
बिलारी। लॉकडाउन में बंद दुकानों से शराब की बिक्री चल रही है। कहीं पुलिस की मिलीभगत से ये खेल चल रहा है तो कहीं पुलिस को भनक तक नहीं है कि उसके क्षेत्र की दुकानें रात के अंधेरे में खुलती है तो शराब की पेटियां निकाली जा रही हैं।
बिलारी में राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर शराब बेचे जाने की सूचना पर मंगलवार पुलिस ने घेराबंदी की शराब दुकान का मैनेजर भाग निकला और ग्राहक भी अपनी-अपनी बाइक लेकर भाग गए। जबकि कर्मचारियों और ग्राहक ने दुकान को अंदर से बंद कर लिया। पुलिस ने दुकान के मुख्य गेट को खुलवाने की काफी कोशिश की, लेकिन अंदर से गेट नहीं खोला। कोतवाल ने अंग्रेजी शराब की दुकान के बाहर फिलहाल पुलिस पिकेट लगा दी है। पता चला है कि मोबाइल पर बातचीत कर शराब की खरीद और बिक्री की जा रही है। ग्राहक पहले ही मैनेजर से बात कर लेते हैं और पूरी पेटी की धनराशि एक बार में देकर पेटी ले ली जाती है। शराब दुकान के निकट एक बोलेरो कार को खड़ा किया गया है। जिसकी आड़ में ग्राहकों को खड़ा किया जाता है। पुलिस जब शराब की दुकान के आगे खड़ी रही तब आसपास भीड़ जमा हो गई थोड़ी देर बाद सूचना मिलने पर संभल जनपद के आबकारी निरीक्षक पवन शर्मा भी मौके पर पहुंच गए हैं। कोतवाली पुलिस का कहना है कि यदि शराब की दुकान से मौके पर कोई शराब खरीदते हुए माल समेत पकड़ा गया या शराब की दुकान खुली पाई गई तब दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण उदय शंकर सिंह का कहना है कि लॉक डाउन में शराब बेचने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।