कंटेनर ट्रक चालक का शव केबिन में मिला
राजस्थान से कार लादकर हल्द्वानी के लिए निकला था
मुरादाबाद। राजस्थान से कंटेनर ट्रक में कार ले जा रहे चालक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। उसका शव दिल्ली हाईवे पर पुराने टोलप्लाजा के निकट खड़े कंटेनर ट्रक की केबिन में मिला। एक अन्य ट्रक चालक की सूचना पर मझोला थाना पुलिस ने ट्रक चालक का कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मृत चालक के परिवार व ट्रक मालिक को इसकी सूचना दी है।
थाना मझोला प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि राजस्थान के अलवर जिले के गांव सिरमोली सदर निवासी शाकिर एक्सिस कंपनी में कंटेनर ट्रक चालक था। वह राजस्थान से कारें लोड कर हल्द्वानी जा रहा था। शनिवार शाम को उसने फोन पर अपने परिवार के लोगों व एक अन्य ट्रक चालक मित्र को बताया था कि उसका स्वास्थ्य ठीक नहीं है। वह हापुड़ में दवा ले रहा है। कंटेनर ट्रक जब समय पर हल्द्वानी नहीं पहुंचा तो रविवार सुबह कंपनी के लोगों ने शाकिर को फोन किया लेकिन उसका फोन उठा नहीं। जिसके बाद जीपीएस से कंटेनर ट्रक की लोकेशन चेक की गई तो वह दिल्ली हाईवे पर पुराना टोल प्लाजा के निकट दिखाई दी। इसी बीच कंपनी का एक अन्य चालक पलवल (हरियाणा) निवासी इरफान भी एक अन्य कंटेनर ट्रक लेकर रुद्रपुर से दिल्ली जा रहा था। इरफान ने बताया कि जब वह मुरादाबाद शहर पार कर रहा था तभी कंपनी से उसके पास फोन आया कि एक कंटेनर ट्रक मुरादाबाद में पुराने टोल प्लाजा पर रात से खड़ा है। चालक का फोन रिसीव नहीं हो रहा है। इरफान ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचा तो केबिन में सीट पर चालक शाकिर मृत मिला। उसके पास कुछ दवाइयां भी रखीं थीं। इरफान ने इसकी सूचना मझोला थाना पुलिस को दी। थाना प्रभारी ने बताया कि शाकिर के शरीर पर किसी तरह कीचोट का निशान नहीं है। अनुमान लगाया जा रहा है कि तबीयत बिगड़ने पर शाकिर ट्रक को हाईवे पर किनारे लगा दवा खाकर आराम करने लगा होगा, इस दौरान दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हो गई होगी। शव का सोमवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक केस की जांच की दिशा तय की जाएगी।