पाकबड़ा। मुरादाबाद-दिल्ली हाईवे पर शनिवार की देर रात कंटेनर व डीसीएम की आपस में भिड़ंत हो गई। हादसे में कंटेनर चालक बुरी तरह फंसकर घायल हो गया था। रविवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसा पाकबड़ा थाना क्षेत्र के लोदीपुर राजपूत गांव स्थित आईएफटीएम विवि के सामने हुआ था।
दिल्ली जा रही डीसीएम को कोहरे की वजह से तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी थी। दोनों वाहनों की टक्कर के बाद तेज धमके की आवाज हुई थी। आवाज सुनकर सड़क किनारे घरों के लोग बाहर निकलकर आ गए थे। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान हाइवे पर जाम लग गया था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
टक्कर लगते ही कंटेनर का चालक हरियाणा निवासी कमल सिंह बोरा बुरी तरह फंस गया। क्रेन से कंटेनर का केबिन खिंचवाकर पुलिस ने लोगों की मदद से चालक कमल सिंह बोरा को बमुश्किल निकालकर अस्पताल भर्ती कराया गया था। रविवार को चालक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के परिजनों को सूचना दे दी है।