ठाकुरद्वारा। नगर के वार्ड 19 में मछली बाजार से काशीपुर मार्ग तक 25 वर्ष बाद नगर पालिका सड़क का निर्माण करा रही है। पहले सड़क की हालत काफी खराब थी। सड़क निर्माण शुरू हो जाने से नागरिक खुश हैं। वार्ड में मास्टर जमील वाली गली में पानी की नई पाइप लाइन बिछाई ही नहीं गई है। इससे नागरिक अपने खर्चे से मुख्य सड़क से घरों तक पानी के लिए पाइप डलवा रहे हैं। वार्ड के लोगों का बार-बार विद्युत कटौती होने से भी परेशानी होती है।
वहीं रविवार को सफाई कर्मचारी अवकाश पर रहते हैं इसलिए इस दिनों वार्ड में सफाई नहीं होती है। वार्ड की कई गलियों की सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। वार्ड निवासी मोहम्मद रफी का कहना है कि मस्जिद छिपियान से कब्रिस्तान होकर बनी सड़क की नाली क्षतिग्रस्त है। जिससे गंदे पानी की निकासी नहीं हो रही है। कूड़ा सड़कों पर पड़ा रहती है। उन्होंने तीन माह पूर्व बनी सड़क की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाया।
वार्ड निवासी मोहम्मद हुसैन का कहना है कि नई पाइप लाइन डालने के बाद कमर अली के घर से आगे जाने वाली गली की सड़क क्षतिग्रस्त है। दो साल बाद भी क्षतिग्रस्त सड़क को ठीक करने के लिए खानापूर्ति की गई है। नई पाइप लाइन से सिर्फ एक बार पानी आता है।
वार्ड निवासी रिटायर्ड शिक्षक जमील अहमद ने बताया कि उनकी गली में नई पाइपलाइन नहीं डाली गई थी। मोहल्ले के लोग अपने खर्चे से घरों तक पाइप ले जा रहे हैं।
वार्ड निवासी सईद अनवर ने बताया कि कभी-कभी पीने के गंदे पानी की आपूर्ति होने लगती है। विद्युत आपूर्ति बार-बार बंद होती रहती है। इससे लोगों को परेशानी होती है।
वार्ड सभासद मोहम्मद इरफान का कहना है कि नई पाइप लाइन से पानी की समस्या है। मुख्य सड़क का निर्माण चल रहा है। गलियों की कुछ सड़कें क्षतिग्रत हैं। जिनका निर्माण करने का आश्वासन नगर पालिका अध्यक्ष ने दिया है।
नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष मोहम्मद इरफान सैफी का कहना है कि रविवार को सफाई कर्मचारियों का आधे दिन का अवकाश रहता है। नालियों के अंदर बिजली के खंभे खड़े हैं इसलिए पानी की निकासी नाली से अवरुद्ध हो जाती है। इस वार्ड में जो भी समस्याएं हैं, उनका निराकरण कराया जाएगा।