बिलारी। नागरिक परिषद बिलारी की लगातार की जा रही कोशिश आखिरकार रंग ले आई और नगर में बाबा लक्ष्मणदास की मढी के पास आयुर्वेदिक अस्पताल भवन के लिए कक्ष का निर्माण शुरू हो गया। निर्माण शुरू होने के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
नागरिक परिषद की मांग पर स्थानीय सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान ने अपनी विधायक निधि से आयुर्वेदिक अस्पताल भवन के लिए एक कक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव दिया है। इसी प्रस्ताव के आधार पर सोमवार सुबह से चयनित भूमि पर कक्ष का निर्माण शुरू हो गया। इस दौरान नगरपालिका परिषद के वरिष्ठ सभासद देवेश शर्मा एडवोकेट, सभासद राकेश यादव, राकेश जैन, संजय जैन, शकील अहमद साबरी, राहतजान, डॉ.झरना रफीक, हाजी माजिद अंसारी, चौधरी उदयपाल सिंह, पंडित हरीश तिवारी आदि ने अपने हाथों से एक-एक ईंट रखकर कक्ष का निर्माण शुरू कराया।
पालिका सभासद देवेश शर्मा और राकेश यादव ने भरोसा दिलाया कि अस्पताल के भवन निर्माण में नगरपालिका परिषद की ओर से हरसंभव सहयोग दिलाया जाएगा। नगर के शंकर सहाय हर सहाय कन्या इंटर कॉलेज की सेवानिवृत्त प्रधानाचार्या और समाजसेविका राबिया अकबर ने अपनी ओर से अस्पताल के लिए अतिरिक्त कक्ष निर्माण में हरसंभव सहयोग करने का आश्वासन दिया। डॉ.मीनाक्षी सखी और डॉ.झरना रफीक ने कहा कि नागरिक परिषद के कार्यकर्ताओं की एकजुटता और मेहनत की वजह से ही अस्पताल के लिए कक्ष का निर्माण शुरू हो गया है।
कार्यक्रम का संचालन नागरिक परिषद बिलारी के संयोजक डॉ. जितेंद्र दक्ष ने किया। इस दौरान तिलकराज चांदना, डॉ. वर्णिका सिंह, डॉ. अफरोज जहां, लटूरी सिंह, प्रदीप वर्मा, रंजीत यादव, हसीब अहमद, रक्षित सिंह, अरिहंत जैन, डॉ. अनीस अहमद, नोमान जमाल, मोबीन अहमद, रघुनाथ सक्सेना, राजदीप सिंह आदि जिम्मेदार नागरिक भी मौजूद रहे।