बिजनौर की एक महिला कांस्टेबिल ने एसपी बिजनौर पर गंभीर आरोप लगाते हुए नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। महिला कांस्टेबिल का आरोप है कि, साहब ने बंगले पर एप्लीकेशन लेकर अकेले बुलाया था, वह नहीं गई तो खफा हो गए और उसे सस्पेंड कर दिया। महिला कांस्टेबिल ने एसपी पर उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए धमकी दी है कि यदि उसे इंसाफ नहीं मिला तो वह आत्महत्या कर लेगी।
एसपी बिजनौर उमेश कुमार श्रीवास्तव पर आरोप लगाने वाली महिला कांस्टेबिल बिजनौर के हल्दौर थाने में तैनात है। महिला कांस्टेबिल के मुताबिक 29 मार्च 2015 को उसका रिश्ता बुलंदशहर जिले के गांव भैंसाखुर निवासी एथलीट विपिन कुमार के साथ हुआ था। विपिन ने इस दौरान उसका शारीरिक शोषण भी किया लेकिन बाद में रिश्ता तोड़ दिया। विपिन की शादी दिल्ली की एथलीट नेहा प्रभाकर के साथ तय हो गई।
रिश्ता टूटने पर महिला कांस्टेबिल ने मंगेतर विपिन के खिलाफ रेप का केस दर्ज करा दिया था। जिसमें विपिन जेल में बंद है, बाकी अभियुक्त बाहर हैं। महिला कांस्टेबिल का आरोप है कि जेल जाने के बाद विपिन उसे धमका रहा है। सप्ताह भर पहले बिजनौर में महिला कांस्टेबिल की विपिन के परिजनों व नई मंगेतर नेहा प्रभाकर के साथ मारपीट हो गई। इस मामले में महिला कांस्टेबिल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई। महिला कांस्टेबिल ने भी नेहा प्रभाकर व अन्य पर रिपोर्ट लिखाई है। महिला कांस्टेबिल ने रविवार को बिजनौर में प्रेस कांफ्रेंस की है।
एसपी बिजनौर उमेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरक्षी शनिवार को डीआईजी से मिली थी। विपिन शर्मा से आरक्षी की तीन साल तक दोस्ती थी। एक जुलाई को विपिन से जेल में मिलने आई दिल्ली की एथलीट नेहा प्रभाकर को कोमल ने अपने लोगों के साथ पीटा था। कोमल और उसके भाई के अलावा विपिन पक्ष के लोग भी उनसे मिले थे। जांच में पाया कि महिला आरक्षी की गलती है। इस पर आरक्षी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश देकर उसे निलंबित कर दिया। महिला आरक्षी के आरोप निराधार हैं।
विपिन के परिजनों और नेहा प्रभाकर ने मेरे साथ मारपीट की थी और वर्दी फाड़ दी थी। मैं उसी दिन अपने परिजनों के साथ प्रार्थना पत्र लेकर एसपी से मिली थी और कार्रवाई की मांग की थी। लेकिन एसपी ने उससे कहा कि शाम को प्रार्थना पत्र लेकर बंगले पर अकेले आना। मैं अकेले कप्तान के बंगले पर नहीं गई तो वह मुझसे नाराज हो गए। बात नहीं मानने पर एसपी ने मुझे निलंबित कर दिया है। एसपी मेरा मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं। अब धमकी दे रहे हैं कि विपिन को भी निर्दोष साबित करके जेल से बाहर निकलवा देंगे। - महिला कांस्टेबिल (पीड़िता)।