मुरादाबाद। यूपी पुलिस में सिपाही पद के लिए मेडिकल टेस्ट शुरू हो गया। मंगलवार को 68 अभ्यर्थी मेडिकल टेस्ट में फिट घोषित किए गए जबकि अनफिट दस अभ्यर्थियों ने दोबारा मेडिकल टेस्ट के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। बुधवार को भी 80 अभ्यर्थी बुलाए गए हैं।
मुरादाबाद पुलिस लाइन में मंडल के पांचों जिलों के चयनित अभ्यर्थी बुलाए जा रहे हैं। इसमें अमरोहा के 1150, रामपुर 437, संभल 485, बिजनौर 1613 और मुरादाबाद 1278 अभ्यर्थी शामिल हैं। मंगलवार 80 अभ्यर्थी मेडिकल टेस्ट के लिए बुलाए गए थे लेकिन दो अभ्यर्थी मेडिकल टेस्ट के लिए नहीं पहुंचे। 78 अभ्यर्थियों का चार डाक्टरों के पैनल ने मेडिकल टेस्ट किया। 68 अभ्यर्थी फिट घोषित किए गए हैं जबकि दस अभ्यर्थी अनफिट घोषित किए गए हैं। नोडल अधिकारी एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि अनफिट अभ्यर्थियों ने दोबारा से मेडिकल कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया है।