मुरादाबाद। अमरोहा के आदमपुर में मुठभेड़ में कमल मारा गया लेकिन उसके साथी शकील और धर्मपाल बच निकले। ऐसा उस वक्त हुआ जबकि हाई अलर्ट था और सड़क से लेकर जंगल तक सघन चेकिंग की जा रही थी। तीनों बंदियों की तलाश में पुलिस की टीमें दिन रात एक कर जगह जगह छापामारी कर रही थी। सूत्रों का दवा है धर्मपाल पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। शकील पुलिस को चकमा देकर भाग निकला है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि अमरोहा के रहना चौकी क्षेत्र के जिस आश्रम में ये तीनों बंदी छिपे थे। सूचना मिलने पर शनिवार की रात डायल 100 की पीआरवी वहां पर सबसे पहले पहुंची थी। पुलिस की टीम जिस वक्त पहुंची, उस वक्त वहां पर शकील मौजूद नहीं था। वह साथियों के लिए खाना लेने के लिए ढाबे पर गया हुआ था। आश्रम के अंदर धर्मपाल और कमल मौजूद थे। जो कि पुलिस को देख फायरिंग करते हुए जंगल की तरफ भागे। इसकी सूचना वायरलेस पर दी गई तो पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया। पुलिस के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद कमल को पुलिस ने पीछा कर मुठभेड़ के दौरान मार गिराया। सूत्रों की मानें तो खाना लेकर लौट रहे शकील ने आश्रम के पास पुलिस बल देखा तो उसने स्थिति को भांपते हुए अपने कदम पीछे ही रोक लिए और वहां से भाग निकलने में कामयाब हो गया। यही वजह रही कि शनिवार को जब मुठभेड़ की खबर आई तो तीन नहीं बल्कि दो आरोपियों से पुलिस का आमना-सामना होने की जानकारी मिली। खबर ये भी थी कि मुठभेड़ में धर्मपाल भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया लेकिन आईजी रमित शर्मा, एसपी अमरोहा डॉ. विपिन ताड़ा ने इससे साफ इंकार किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धर्मपाल और शकील की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। जल्द ही आरोपियों को ढूंढ निकाला जाएगा।
............
धर्मपाल पर पुलिस ने कसा शिकंजा
मुरादाबाद। पुलिस सूत्रों का कहना है कि धर्मपाल पर शिकंजा कस दिया गया है। क्योंकि कमल के साथ होनेे की वजह से धर्मपाल किस दिशा में भागा है। इसकी जानकारी पुलिस को है। पुलिस की टीमों ने पूरे जंगल को घेर लिया। रात भर वहां पर पुलिस की टीमें मौजूद रही। सुबह होते ही ड्रोन कैमरे से पूरे इलाके में सर्च अभियान चलाया गया। ये सर्च अभियान भी मुख्य तौर पर धर्र्मपाल की तलाश में ही चलाया गया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जल्द ही धर्मपाल के बारे में बड़ी खबर सामने आ सकती है, वह पुलिस के शिकंजे से बाहर नहीं निकल सकेगा। इसकी पूरी आस है। इस वजह से रविवार रात तक पुलिस की टीमें अलर्ट मोड़ पर थी।