- दो महीने चलेगा अभियान, ब्लॉकों में आयोजित होंगे चारपाई चौपाल
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के बाद अब कांग्रेस ने दो माह तक वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान चलाने का कार्यक्रम जारी किया है। इसके लिए हरियाणा के कद्दावर नेता चक्रवर्ती शर्मा को मुरादाबाद, रामपुर और संभल का पर्यवेक्षक बनाया गया है। सहयोग के लिए पीसीसी स्तर से भी पर्यवेक्षकों की तैनाती की जाएगी।
कांग्रेस के जिला प्रवक्ता सुधीर पाठक ने बताया कि 12 अक्तूबर के दिल्ली मार्च के बाद एआईसीसी ने इस मुद्दे को जनांदोलन का रूप दे दिया है। जिसमें दशहरा व दिवाली मेले में चुनाव आयोग की मनमानी की पोल पर्चे बांटकर खोली जाएगी। चरणबद्ध कार्यक्रमों में वोट रक्षक पोर्टल विकसित कर बूथ स्तर पर कटे हुए वोटों का मिलान किया जाएगा। इसके बाद 25 अक्तूबर से 25 नवंबर तक ऐसे मतदाताओं के साथ वोट बचाओ देश बचाओ के तहत चारपाई चौपाल सभी ब्लॉकों में आयोजित की जाएंगी। एक नवंबर को गठबंधन दलों की दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली आयोजित की जाएगी।