मुरादाबाद। टोल प्लाजा पर विवाद के बाद किसानों को जेल भेजे जाने के मामले को लेकर शनिवार को भाकियू (महात्मा टिकैत) के कार्यकर्ताओं ने डीआईजी से मिलकर ज्ञापन दिया और नाराजगी जताई।
मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद आंबेडकर पार्क में बैठक कर राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अनिल तालान की मौजूदगी में पुलिस की इकतरफा कार्रवाई की निंदा की गई।
डीआईजी को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि आठ मई को भाकियू महात्मा टिकैत संगठन के जिलाध्यक्ष संभल को टोल प्लाजा के प्रबंधक ने बातचीत के लिए बुलाया था, इसी दौरान गहमा गहमी होने लगी तो किसानों ने विरोध किया। इस पर टोल कर्मियों ने गलत व्यवहार किया। आरोप लगाया गया कि थाना अध्यक्ष ने इकतरफा टोल टैक्स कर्मियों की वकालत करते हुए किसानो को जेल भेज दिया है। उनके खिलाफ मुकदमा लिख लिया है। इसकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
जिलाध्यक्ष सुशील चौधरी ने बताया कि इसके बाद आंबेडकर पार्क में बैठक की। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अनिल तालान भी पहुंचे और पुलिस की कार्रवाई की निंदा की। इसमें हापुड़ जिले के जिलाध्यक्ष अमित त्यागी, रामपुर के जिलाध्यक्ष ज्ञानपाल यादव, महिला शाखा की जिलाध्यक्ष शबाना खातून सहित कई पदाधिकारी शामिल रहे।