मुरादाबाद। जालसाजों ने बीमा पाॅलिसी के भुगतान के नाम पर एक व्यक्ति से 2.95 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर शिकायत की। केंद्रीय गृह मंत्रालय से पत्र मिलने पर मझोला पुलिस ने अज्ञात जालसाजों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
बैंक काॅलोनी खुशहालपुर निवासी हरपाल सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र लिखकर बताया कि उसने बजाज कैपिटल के माध्यम से 2023 में एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस कराया था। उसका खाता जिला सहकारी बैंक पाकबड़ा शाखा में है। 23 अक्तूबर 2024 को उनके पास एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को इंश्योरेंस कंपनी का अधिकारी बताते हुए कहा कि तीसरी किस्त 11 जनवरी 2025 को जमा की जाएगी।
फोन करने वाले ने कहा कि आपका स्वास्थ्य बीमा भी पूरा होने वाला है। इसमें 3.52 लाख रुपये हैं। ठग ने बताया कि इसके साथ दीपावली का बोनस 32,500 रुपये अलग से मिलेगा। इसके लिए आपको पैसे जमा कराने होंगे। इसके बाद कई और लोगों ने भी बीमा अधिकारी बनकर कॉल किया। झांसे में आकर हरपाल ने 23 अक्तूबर 2024 से 31 अक्तूबर 2024 के बीच विभिन्न माध्यमों से 2,95,110 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
दो दिन बाद फिर एक ने खुद को अधिकारी बताते हुए कॉल किया कि आप द्वारा भेजे गए रुपये पोर्टल पर अपडेट नहीं हुए हैं। दोबारा रुपये जमा करने होंगे। तब हरपाल सिंह को ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने मझोला थाने और साइबर सेल में शिकायत की। कोई कार्रवाई नहीं होने पर पीड़िता ने गृह मंत्रालय को शिकायत भेजी। वहां से कार्रवाई के आदेश दिए गए। थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस जांच कर कार्रवाई करेगी।