चुनाव आचार संहिता लागू होने के साथ ही भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन को लेकर प्रशासन गंभीर हो गया है। कांठ रोड स्थित निर्वाचन कार्यालय में विधान सभावार मतदाता सूचियों को व्यवस्थित किए जाने में कर्मचारी जुटे रहे। शहर में विभिन्न राजनीतिक दलों व राजनेताओं द्वारा लगाई गई होर्डिंग्स को भी नगर निगम की टीम द्वारा उतारे जाने का काम दोपहर बाद शुरू कर दिया गया जो शाम तक जारी रहा।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आचार संहिता लागू किए जाने के आदेश के तुरंत बाद जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम शैलेंद्र सिंह ने भी चुनाव कार्य में लगाए गए अधिकारियों को आदेश जारी करते हुए सभी से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का शतप्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया है। डीएम ने कहा कि इसमें किसी तरह की कोई शिथिलता बर्दास्त नहीं की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सुरेंद्र सिंह ने डीएम का आदेश प्राप्त होने के बाद शहर में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के लगे होर्डिंग्स को नगर निगम की टीम भेज हटवाना शुरू कर दिया। दोपहर बाद शहर में शुरू हुआ यह अभियान सायं तक जारी रहा। अभियान के तहत कांठ रोड, पीलीकोठी-फव्वारा चौक, रेलवे रोड आदि पर होर्डिंग्स हटाने का काम किया गया। एडीएम ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का जिले में कड़ाई से पालन कराया जाएगा।