भाजपा नेता रामवीर सिंह ने एडीएम फाइनेंस हिमांशु गौतम की शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया है कि एडीएम फाइनेंस अवैध खनन करने वालों पर कार्रवाई करने के बजाए उन्हें नोटिस जारी कर उनसे अवैध वसूली कर रहे हैं।
कुंदरकी सीट से विधानसभा का चुनाव लड़ चुके रामवीर सिंह ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर टांडा - मुरादाबाद रोड पर स्थित बहादरपुर का मजरा तक औद्योगिक विद्युत लाइन खिंचवाने और डिफाल्टर सहकारी संघों को सही करके उनके चुनाव कराने की मांग की है।
विज्ञापन
रामवीर ने बताया कि उन्हाेंने मुख्यमंत्री को बताया है कि एडीएम वित्त एवं राजस्व जिले में बड़े पैमाने पर अवैध खनन करा रहे हैं। वह अवैध खनन करने वालों को नोटिस जारी करते हैं और वसूली करने के बाद उन नोटिसों को फाड़ देते हैं। भाजपा नेता ने बताया कि उन्हाेंने ऐसे नोटिसों की प्रति मुख्यमंत्री को सौंपी है।
एडीएम हिमांशु गौतम का कहना है कि उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। एडीएम ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा नेता ने एक बार अवैध खनन के एक नोटिस को खत्म करने की सिफारिश की थी। जिस पर नियमों का वास्ता देकर उन्होंने असमर्थता जता दी थी। तभी से वह उनसे नाराज हैं।