ठाकुरद्वारा। कंपोजिट विद्यालय प्रतापपुर के बच्चों ने प्रदेश स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया। उनके उपलब्धि पर समारोह का आयोजन कर उन्हें सम्मानित किया गया।
कंपोजिट विद्यालय के बच्चों ने पहले जनपद और मंडल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया था। उन्हें सात गोल्ड, आठ सिल्वर और 10 कांस्य पदक मिले थे। उसके बाद उन्होंने अयोध्या में आयोजित प्रदेश स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लिया जिसमें कंपोजिट विद्यालय को प्रदेश में तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यालय के शिवम, अंकुर, नैतिक, नितिन, नूर मोहम्मद, चांदनी, गुंजन, तमन्ना, कशिश सहित 20 बच्चों ने भाग लिया था। सभी बच्चों को आयोजित समारोह में फूल माला पहनाकर उन्हें मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उनके अच्छे भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार बोस और संचालन नरेश कुमार चंचल ने किया। इस अवसर पर जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष राकेश सिंह, वीर सिंह, मोनिका गहलोत, सोनिया चौहान, रूपा आर्य आदि मौजूद रहे।
फोटो 9 ठाकुरद्वारा के कंपोजिट विद्यालय प्रतापपुर के प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सम्मानित बच्चे।संवाद