मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में शुक्रवार को चाइल्ड लाइन की टीम ने बाल विवाह रुकवा दिया। जिससे दुखी होकर किशोरी ने जहर खा लिया। इससे परिवार में कोहराम मच गया। परिजन किशोरी को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे और भर्ती करा दी, जहां उसकी हालत गंभीर बनाई जा रही है।
मझोला थानाक्षेत्र में रहने वाली सोलह वर्षीय किशोरी के मोहल्ले में ही रहने वाले 19 वर्षीय युवक के साथ प्रेम संबंध हो गए थे। किशोरी युवक के साथ चली गई थी। दोनों कुछ दिन दिल्ली में साथ रहे। किशोरी के परिजनों ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की थी। इसके बाद युवक किशोरी को लेकर लौट आया था। दोनों परिवारों के लोग बैठे और शादी करने की बात तय हुई, लेकिन कुछ दिन बाद ही युवक के परिजनों ने शादी से इनकार कर दिया था। बताया जा रहा है कि फिर से पुलिस से शिकायत की गई। जेल जाने से बचने के लिए युवक और उसके परिजन तैयार हो गए थे। शुक्रवार को शादी की तारीख तय की गई थी। शुक्रवार दोपहर शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच चाइल्ड लाइन की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई।
चाइल्ड लाइन प्रभारी श्रद्धा शर्मा ने बताया कि उन्होंने दोनों पक्षों से वार्ता की और आयु संबंधित दस्तावेज देखे। जिससे पता चला कि किशोरी की उम्र सोलह साल और युवक की आयु उन्नीस साल है। बाल विवाह रुकवाने के बाद टीम वापस चली गई थी। शादी रुकने से दुखी किशोरी ने जहर का सेवन कर लिया। परिजन किशोरी को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे और भर्ती करा दिया है। मझोला थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि चाइल्ड लाइन की टीम ने बाल विवाह रुकवाया था। परिवार के लोगों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।