कांठ/अगवानपुर। छजलैट थानाक्षेत्र में तेज रफ्तार मिट्टी भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से छह साल के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भाग गया। गुस्साए लोगों ने चौराहे पर बच्चे का शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गुस्साएं लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
छजलैट थाना क्षेत्र के सराय खजूर निवासी गुफरान का छह वर्षीय बेटा जीशान बुधवार की शाम करीब साढ़े चार बजे गांव में ही दवाई लेने के लिए पैदल जा रहा था। तभी आबादी के बीच तेज रफ्तार से आ रही मिट्टी भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने जीशान को टक्कर मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को दुर्घटना स्थल पर ही छोड़कर भाग गया। हादसे की जानकारी मिलने पर ग्रामीण एकत्र हो गए और जीशान के परिजन भी आ गए। सूचना मिलने पर छजलैट थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मिट्टी भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण इकट्ठा हो गए। उन्होंने चौराहे पर ही बच्चे के शव को रख कर जाम लगा दिया। जमा लगाने और हंगामा करने की सूचना मिलने पर एएसपी अभिनव, सीओ सिविल लाइंस कुलदीप कुमार गुप्ता, छजलैट,कांठ और सिविल लाइंस थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाकर शांत कराया। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि समझौता होने पर परिजनों ने कार्रवाई कराने से इन्कार कर दिया है।