महीनों से प्लाट में भरे पानी में डूबकर पौने दो साल के मासूम की मौत हो गई। घटना एकता विहार कालोनी की है। शनिवार सुबह साढ़े नौ बजे खेलते-खेलते मासूम बाहर आ गया और घर के सामने स्थित प्लाट में भरे पानी में गिर गया। करीब आधे घंटे बाद मासूम का शव तैरता दिखाई तो उसे बाहर निकला गया। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
मंडी समिति के पास एकता कालोनी में रहने वाले प्रमोद कुमार सैनी स्कूल वैन के संचालक हैं। परिवार में उनके पिता चंद्रपाल सैनी, मां प्रभा, बहन रखी, पत्नी मंजू, पौने दो साल का बेटा अभिषेक और बेटी वैष्णवी है। प्रमोद ने बताया कि घटना के समय सुबह साढे़ नौ बजे के करीब वह स्कूल में थे। घर पर पत्नी और बच्चे मौजूद थे। मासूम अभिषेक खेलते -खेलते घर के बाहर आ गया। कुछ देर बाद प्रमोद की बहन छत पर गई तो उसे अभिषेक की चप्पल घर के सामने प्लाट में भरे नाली के पानी में तैरती हुई दिखाई दी।
उसे अनहोनी का शक हुआ तो अभिषेक की तलाश शुरू कर दी गई। लेकिन अभिषेक कहीं नहीं मिला। परिवार के लोग बच्चे को तलाश करने में जुटे थे, इसी बीच आधा घंटे बाद कुछ दूरी पर प्लाट के पानी में मासूम का शव तैरता दिखा। उसे बाहर निकालकर स्थानीय डॉक्टर के पास ले जाया गया। यहां डॉक्टर ने अभिषेक को मृृत घोषित कर दिया। घटना से घर में कोहराम मच गया। मां, दादी, बुआ का रोकर बुरा हाल था। इस हादसे के बाद परिवार तथा मोहल्ले वालों में नगर निगम के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश है।
मोहल्ले वालों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्लांट से गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था नगर निगम के अधिकारियों तथा शहर विधायक ने नहीं कराई । क्षेत्र में जल भराव की समस्या यथावत बनी हुई है। उन्होंने कमिश्नर राजदेश कुमार सिंह से नगर निगम के दोषी अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। भविष्य में और बच्चे इस तरह के हादसे के शिकार न हो, इसलिए खाली प्लाटों में भरे पानी की निकासी की मांग की गई है।