मुरादाबाद। नगर निगम में संविदा पर नौकरी लगवाने के नाम पर पांच लोगों से लाखों रुपये ठग लिए। पीड़ितों का कहना है कि आरोपी 100 से ज्यादा लोगों से ठगी कर चुका है। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी विजय बाबू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को नगर निगम में सफाई नायक बताया था। गलशहीद थाना क्षेत्र के भूड़ा का चौराहा निवासी ममता, राधा, वंदना, मिथुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दिसंबर 2024 में मझोला के लाइनपार निवासी विजय बाबू ने उनसे मुलाकात की थी। उसने बताया कि वह नगर निगम में सफाई नायक के पद पर कार्यरत है। उसने सभी को झांसा दिया है कि नगर निगम में संविदा पर सफाई कर्मचारी रखे जा रहे हैं। एक साल बाद संविदा कर्मचारी नियमित कर दिए जाएंगे।
आरोपी ने सभी से दस्तावेज ले लिए और उन्हें संविदा पर भर्ती कराने के लिए डेढ़-डेढ़ लाख रुपये भी लिए। दो माह बाद उनके खाते में साढ़े सात-सात हजार रुपये भी आए। इसके बाद पैसे आने बंद हो गए। पीड़ित नियुक्तिपत्र लेकर नगर निगम में अधिकारियों से मिले तो पता चला कि नियुक्तिपत्र फर्जी है। विभाग में विजय बाबू नाम का कोई व्यक्ति नहीं है। पीड़ितों का कहना है कि आरोपी 100 से ज्यादा लोगों से ठगी कर चुका है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।