मुरादाबाद। स्नातक सम सेमेस्टर के विद्यार्थियों को परीक्षा फॉर्म का इंतजार है। पहले उनकी परीक्षाएं मुरादाबाद विश्वविद्यालय से आयोजित करवाने पर चर्चा चल रही थी लेकिन अब रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली द्वारा सम सेमेस्टर के परीक्षा फॉर्म भरवाने की तैयारी की जा रही है। विवि अधिकारियों का कहना है कि होली के त्योहार के बाद परीक्षा फॉर्म जारी किए जाएंगे।
जिले के करीब 20 हजार विद्यार्थियों को सम सेमेस्टर की परीक्षाएं देनी हैं। प्राचार्यों का कहना है कि विषम सेमेस्टर में देरी की वजह से सम सेमेस्टर के विद्यार्थी प्रभावित हो रहे हैं। इसके अलावा अभी तक मुरादाबाद विश्वविद्यालय या बरेली विश्वविद्यालय द्वारा सम समेस्टर के परीक्षाओं के आयोजन को लेकर भी असमंजस बना हुआ है।
विद्यार्थी बार-बार परीक्षाओं के संबंध में जानकारी लेने के लिए कॉलेजों के चक्कर लगा रहे हैं। विवि अधिकारियों द्वारा स्थिति स्पष्ट नहीं होने की वजह से कॉलेज स्तर से भी जवाब दे पाने की स्थिति में नहीं हैं।