रामपुर के जौहर ट्रस्ट की जमीन को लेकर दर्ज मुकदमों में सांसद आजम खां के 11 करीबियों के खिलाफ पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। मुकदमों की विवेचना के दौरान पुलिस ने ट्रस्ट के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का नाम भी इसमें शामिल कर लिया था। पुलिस ने इन सभी को धारा 41 (क) के तहत नोटिस जारी किया था।
जौहर ट्रस्ट की जमीन को लेकर पुलिस ने कई मुकदमे दर्ज किए गए हैं। आलियागंज के 26 किसानों ने अपनी जमीन पर कब्जा कर लेने के मामले में अजीमनगर थाने में अलग-अलग मुकदमा दर्ज कराया था। इसके अलावा प्रशासन की ओर से अलग से मुकदमा दर्ज कराया था।
इन मुकदमों में सांसद आजम और उनके करीबी पूर्व सीओ आले हसन को आरोपी बनाया गया था। इन मुकदमों की जांच के लिए पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। मुकदमों की विवेचना के दौरान एसआईटी में उन सभी लोगों का नाम शामिल कर लिया था, जो जौहर ट्रस्ट के पदाधिकारी या सदस्य हैं।
इन सभी को पुलिस की ओर से नोटिस भी जारी किया गया था। अब पुलिस ने इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ चार्जशीट लगा दी है। एसपी शगुन गौतम ने 11 लोगों के खिलाफ चार्जशीट लगाए जाने की पुष्टि की है।