मुरादाबाद। मझोला थानाक्षेत्र में दिल्ली रोड पर जीरो पॉइंट के पास महफिल ढाबे पर चाय की आड़ में चरस समेत अन्य नशीले पदार्थ बेचे जा रहे थे। दिवाली वाली रात यहां बर्तन कारोबारी शाकिर के बेटे अब्दुल्ला की हत्या हुई तो इस खेल का खुलासा हुआ। पुलिस ने ढाबा संचालक फहीम को गिरफ्तार कर उससे एक किलो 157 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने महफिल ढाबे पर भी ताल लगा दिया है।
पाकबड़ा के मुल्लाओं वाला मोहल्ला निवासी एवं बर्तन कारोबारी शाकिर के 19 वर्षीय बेटे अब्दुल्ला की रविवार की रात करीब साढ़े नौ बजे महफिल ढाबे पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के समय अब्दुल्ला अपने साथी बाबर, अयान और उवैश के साथ ढाबे पर चाय पी रहा था। इस मामले में कारोबारी ने मूंढापांडे के नियामतपुर निवासी मोहसिन चौधरी और मूंढापांडे के चमरूआ निवासी सरताज चौधरी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच की तो सामने आया कि ढाबा देर रात तक खुलता है, यहां युवाओं की भीड़ रहती है।
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि घटना के बाद ढाबा संचालक मझोला का डिडैरी निवासी फहीम भाग गया था। सोमवार की देर रात उसे नया मुरादाबाद से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से एक किलो 157 ग्राम चरस बरामद की गई है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह चाय की आड़ में चरस व अन्य नशीले पदार्थ भी बेचता था। इसलिए उसके ढाबे पर देर रात तक युवा आकर चाय पीते थे। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
ग्राहकों को आदी बनाने के लिए चाय में मिलाए जाते हैं नशीले पदार्थ
मुरादाबाद। पुलिस के हत्थे चढ़े ढाबा संचालक ने पूछताछ में कबूला है कि वह ग्राहकों को आदी बनाने के लिए चाय में भी नशीले पदार्थ मिलते थे। इसलिए देर रात तक ग्राहक उसके पास चाय पीने आते थे। देर रात तक खुलने वाले इस ढाबे पर पाकबड़ा, मझोला क्षेत्र के अलावा मूंढापांडे और आस पड़ोस जनपदों से भी युवा यहां पहुंचते थे और देर रात तक चाय पीते थे। ब्यूरो